गणतंत्र दिवस 2026: बैढ़न स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

गणतंत्र दिवस 2026: बैढ़न स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व


डिजिटल सिंगरौली न्यूज़ डेस्क: सिंगरौली जिले में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पूरे उत्साह और गरिमा के साथ राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

ध्वजारोहण और मुख्य कार्यक्रम का समय

बैठक में तय किया गया कि 26 जनवरी को सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में प्रातः 8:00 बजे से पूर्व संस्था प्रमुखों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात, राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में प्रातः 9:00 बजे से मुख्य समारोह शुरू होगा, जिसमें परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

तिरंगा रोशनी से जगमगाएगा सिंगरौली

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 25 और 26 जनवरी की रात को जिले के सभी महत्वपूर्ण सरकारी भवनों को तिरंगा लाइटों से सजाया जाए। इसके साथ ही नगर निगम आयुक्त को शहर के मुख्य मार्गों पर विशेष रोशनी और फूलों से सजावट सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परेड, प्रभात फेरी और सुरक्षा व्यवस्था

  • परेड रिहर्सल: पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिला पुलिस बल, SAF और होमगार्ड के जवान परेड की रिहर्सल समय पर पूर्ण करेंगे।
  • प्रभात फेरी: जिला शिक्षा अधिकारी को शासकीय व अशासकीय स्कूलों के माध्यम से प्रभात फेरी निकालने के निर्देश दिए गए।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: स्कूली बच्चों द्वारा दी जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का चयन फाइनल रिहर्सल के बाद किया जाएगा।

वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर जोर

मंच व्यवस्था के साथ-साथ कलेक्टर ने बिजली गुल होने की स्थिति में जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था, माइक सिस्टम और बैठक व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) और सीएसपी उपस्थित रहे।