कलेक्टर के सख्त तेवर: लापरवाही पर EE को नोटिस, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर के सख्त तेवर: लापरवाही पर EE को नोटिस, शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश

 

डिजिटल सिंगरौली न्यूज़ डेस्क: कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा (TL) बैठक में विभागीय अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए हैं कि 'संकल्प से समाधान' अभियान के तहत शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई।

लापरवाही पर एक्शन: पीएचई ईई को नोटिस

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में रुचि न लेने और बैठक से अनुपस्थित रहने पर कार्यपालन यंत्री (PHE) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले की रैंकिंग प्रभावित करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

योजनाओं का लाभ और बैंक पेंडेंसी

कलेक्टर ने अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM) को निर्देश दिए कि बैंकों में लंबित हितग्राही मूलक प्रकरणों को तुरंत निपटाएं। साथ ही, वनाधिकार अधिनियम के मामलों को समय सीमा में सुलझाने के लिए उपखंड अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

प्राथमिकता के आधार पर होगा निराकरण

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सीएम हाउस, प्रभारी मंत्री कार्यालय और जनसुनवाई से प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता पर रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल निराकरण न करें, बल्कि 'संतुष्टि पूर्वक' निराकरण सुनिश्चित कर रिपोर्ट पेश करें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।