डिजिटल सिंगरौली न्यूज़ डेस्क:कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा (TL) बैठक के दौरान जिले की कानून व्यवस्था और जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने प्रदूषण और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन और खनिज विभाग को ओवरलोड राखड़ (Fly Ash) वाहनों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
राखड़ परिवहन के लिए प्रोटोकॉल अनिवार्य
कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी और खनिज अधिकारी को स्पष्ट किया कि राखड़ परिवहन में निर्धारित प्रोटोकॉल का उल्लंघन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों की जांच कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
श्रम अधिकारी पर गिरी गाज
'प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना' के क्रियान्वयन में लापरवाही और नगरीय क्षेत्र में लक्ष्य पूरा न करने पर कलेक्टर ने श्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 से 40 वर्ष के असंगठित श्रमिकों (खेतिहर मजदूर, निर्माण श्रमिक आदि) को योजना से जोड़ने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाए जाएं।
आंगनवाड़ियों में 'हॉट कुक्ड मील' की होगी औचक जांच
महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि:
- सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में मेन्यू के अनुसार दिन में दो बार 'हॉट कुक्ड मील' दिया जाए।
- विभागीय अधिकारियों का दल गठित कर सेक्टरों में औचक निरीक्षण किया जाएगा।
- लापरवाही मिलने पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर तत्काल कार्रवाई होगी।
बोर्ड परीक्षा और विस्थापितों की सुविधाओं पर नजर
- बोर्ड परीक्षा: 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए गठित फ्लाइंग स्क्वायड को सक्रिय रहने और अनैतिक गतिविधियों पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए गए।
- आरएंडआर कॉलोनियां: लोक निर्माण, विद्युत और पीएचई विभाग को संयुक्त रूप से विस्थापित कॉलोनियों का निरीक्षण कर वहां पानी, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रदूषण नियंत्रण और उज्ज्वला योजना
कलेक्टर ने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी को जयंत और दुद्धिचुआ परियोजना के खदानों से निकलने वाले पानी की जांच के निर्देश दिए, ताकि जल स्रोत प्रदूषित न हों। साथ ही, जिला आपूर्ति अधिकारी को पीएम उज्ज्वला योजना के तहत गैस एजेंसियों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को कनेक्शन दिलाने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, माइनिंग अधिकारी आकांक्षा पटेल सहित सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
