डिजिटल सिंगरौली न्यूज़ डेस्क:कलेक्टर श्री गौरव बैनल इन दिनों राजस्व मामलों के निराकरण को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए हैं। मंगलवार को कलेक्टर ने देवसर तहसील के उज्जैनी, बड़ोखर और बरगवां तहसीलदार कोर्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व प्रकरणों में लापरवाही और देरी पाए जाने पर कलेक्टर ने मौके पर ही बड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
लापरवाही पर तहसीलदार और पटवारी पर गाज
निरीक्षण के दौरान नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा जैसे महत्वपूर्ण मामलों के लंबित होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई:
- पटवारी निलंबित: राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने पर पटवारी हल्का देवरा, अजमेर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।
- तहसीलदारों को नोटिस: प्रभारी नायब तहसीलदार बरगवां (नागेश्वर पनिका) और प्रभारी नायब तहसीलदार बड़ोखर (दिनेश कुमार पनिका) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब पेश करना होगा।
पटवारियों को समय सीमा में देनी होगी रिपोर्ट
कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से प्रकरणों की सुनवाई करें। जिन मामलों में पटवारियों द्वारा प्रतिवेदन (रिपोर्ट) जमा नहीं किया गया है, उनकी तत्काल बैठक बुलाई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पटवारी निर्धारित समय में रिपोर्ट पेश नहीं करते, तो उनके विरुद्ध भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
"जनता को न हो परेशानी"
कलेक्टर श्री बैनल ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि राजस्व प्रकरणों का निराकरण समय सीमा के भीतर ही होना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी कोर्ट को पालन प्रतिवेदन (Compliance Report) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
